MP News: तेज रफ्तार का कहर, फेंसिंग तोड़ खदान में गिरी कार, 24 वर्षीय युवक की मौत, दो दोस्त घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। शहर के अयोध्या नगर इलाके में तेज रफ्तार का एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। अरेड़ी स्थित कंचन खदान के पास शनिवार शाम एक कार फेंसिंग का तार और खंभे तोड़ते हुए सीधे पानी से भरी खदान में जा गिरी। हादसे में कार चला रहे 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त घायल हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

टर्न पर नियंत्रण खो बैठा चालक

अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्लारे के मुताबिक मृतक रोहित माली (24) पिता संतोष माली तेज रफ्तार कार से अरेड़ी क्रेशर बस्ती के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक टर्न पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वह फेंसिंग व खंभों को तोड़ते हुए खदान में जा गिरी।

सीट बेल्ट के कारण कार में ही फंस गया चालक

बताया जा रहा है कि रोहित पेशे से ओला कैब चालक था। वह सवारी छोड़ने के बाद पिपरिया जाहिर पीर से अपने दो दोस्तों को साथ लेकर अयोध्या नगर की ओर लौट रहा था। हादसे के वक्त रोहित ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिसके कारण कार पानी में डूबने के बाद वह गाड़ी के अंदर ही फंस गया। वहीं उसके दोनों दोस्त किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

नगर निगम की टीम ने निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 8 से 10 फीट पानी से भरी खदान से रोहित को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में नगर निगम की क्रेन की मदद से डूबी हुई कार को भी बाहर निकाला गया।

सीपीआर देने के बाद भी नहीं बची जान

पुलिस ने युवक को बाहर निकालकर सीपीआर दिया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post