Jabalpur News: जादू टोने के शक पर कुल्हाडी से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले से करीब 40 किलोमीटर दूर कुंडम थाना क्षेत्र के ग्राम बिसनपुरा में जादू-टोना के शक में एक 50 वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से गला काटकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और शव को गांव के बाहर जंगल में फेंक दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के भांजे सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार 6 मार्च की शाम गांव के बाहर भूरालाल यादव (50) का शव सिर से अलग हालत में मिला था। सूचना मिलने पर कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

सिर कटी लाश मिलने से गांव में फैली सनसनी

बताया जा रहा है कि 6 मार्च की शाम बिसनपुरा गांव के कुछ ग्रामीण टहलने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर जंगल के पास एक शव पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए, क्योंकि शव का सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कुंडम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतीश अंधवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान गांव के ही निवासी भूरालाल यादव के रूप में हुई।

दो दिन से लापता था मृतक

मृतक के भाई नन्हेंलाल यादव ने पुलिस को बताया कि भूरालाल 4 मार्च की दोपहर से लापता था। दोपहर में खाना खाने के बाद वह घर से बाहर निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के गांवों में भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। दो दिन बाद ग्रामीणों से शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

जादू-टोना के शक को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार 4 मार्च की शाम गांव के ही संत कुमार उर्फ पिट्टी लाल और मधु शाह से भूरालाल का विवाद हुआ था। संत कुमार रिश्ते में मृतक का भांजा लगता है। उसे शक था कि उसके परिवार में चल रही परेशानियों और बीमारी के पीछे भूरालाल का जादू-टोना जिम्मेदार है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस दौरान आरोपियों ने भूरालाल को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

घात लगाकर किया हमला

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन भूरालाल अपने थैले में जादू-टोना और झाड़-फूंक का सामान लेकर किसी दूसरे गांव जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके गले पर लगातार वार किए, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी शव को गांव के बाहर जंगल में फेंककर फरार हो गए।

गांव में झाड़-फूंक करता था मृतक

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि भूरालाल यादव गांव और आसपास के इलाकों में झाड़-फूंक और जादू-टोना का काम करता था। कुछ लोगों का मानना था कि उससे उन्हें राहत मिली है, जबकि कुछ ग्रामीणों को लगता था कि उसकी वजह से घरों में परेशानियां और कलह बढ़ रही है। इसी अंधविश्वास के कारण संत कुमार को शक हो गया कि उसके परिवार की समस्याओं के पीछे भूरालाल ही जिम्मेदार है।

डेम के पास से गिरफ्तार किए गए आरोपी

घटना के बाद कुंडम थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर शनिवार सुबह दोनों आरोपियों को डेम के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। दोनों से पूछताछ जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post