दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में अलमारी सुधारने के बहाने घर में घुसकर चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी सरदार के भेष में आया और अलमारी ठीक करने के दौरान उसमें रखे करीब 2 लाख रुपये और एटीएम कार्ड लेकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार शिवनगर दमोह नाका रोड निवासी मनोज विश्वकर्मा (49 वर्ष) ने बीती रात थाना विजय नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे पनागर ब्लॉक में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। मनोज विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता घर पर थे। घर की अलमारी खराब हो गई थी, इसलिए उन्होंने अलमारी सुधारने के लिए एक व्यक्ति को बुलाया था, जो सरदार के भेष में आया था। वह व्यक्ति घर में अलमारी ठीक करने का काम कर रहा था। इसी दौरान मनोज विश्वकर्मा भी ड्यूटी से घर पहुंच गए थे।
कुछ देर बाद जब अलमारी सुधारने वाला व्यक्ति काम खत्म कर वहां से चला गया, तब मनोज विश्वकर्मा ने अलमारी को चेक किया। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे करीब 2 लाख रुपये नकद और एटीएम कार्ड गायब हैं। इसके बाद उन्होंने आसपास आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की शिकायत मिलने पर विजय नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।
Tags
jabalpur
