दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कटंगी अंतर्गत एक सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम लुहारी, थाना पटेरा (जिला दमोह) निवासी मनोहर सिंह लोधी (40 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ठेकेदारी का काम करता है और सुबह अपने साथियों के साथ संस्का सिटी, जबलपुर काम के लिए जा रहा था।
मनोहर सिंह के साथ तीन मोटरसाइकलों में कुल छह लोग सवार थे। एक बाइक पर उसका भाई सोने सिंह और जीवन सिंह लोधी, दूसरी बाइक पर रविंद्र कुर्मी और नगीता सिंह, जबकि तीसरी मोटरसाइकिल वह खुद चला रहा था। सुबह करीब 7 बजे जब वे श्रद्धा धाम जमुनिया के सामने पहुंचे, तभी कार क्रमांक MP 20 CA 3832 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी।
हादसे में सोने सिंह, जीवन सिंह, रविंद्र कुर्मी और नगीता सिंह घायल हो गए। सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने धारा 281 व 125 ए बीएनएस के तहत जांच शुरू कर दी है।