दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आसमान पूरी तरह साफ है और सूर्यदेव अपने पूरे उग्र रूप में नजर आ रहे हैं। बीते दो दिनों से दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और आज सुबह से ही तीखी धूप के साथ गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है।
पश्चिमी दिशा से 5 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाएं वातावरण में तपिश घोल रही हैं। आज पूर्वाह्न 11:30 बजे ही तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था और मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिन चढ़ते-चढ़ते यह 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा।
मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के अनुसार बीते दिन शहर का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। वहीं आज का न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।
पिछले वर्ष इसी दिन अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और तेजी से वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का विकराल रूप सामने आने की संभावना है।