देश में कोरोना केस 2700 के पार, 24 घंटे में 7 मौतें

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस एक बार फिर से चिंता का कारण बन रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या 2,710 तक पहुंच गई है। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली शामिल हैं। केरल में 1,147 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं, जबकि महाराष्ट्र में 424 और दिल्ली में 294 मामले सामने आए हैं। गुजरात में 223, कर्नाटक और तमिलनाडु में 148-148, पश्चिम बंगाल में 116, राजस्थान में 51, उत्तर प्रदेश में 42 और पुडुचेरी में 35 केस दर्ज किए गए हैं।

30 मई की सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 7 लोगों की मौत हुई है। इनमें महाराष्ट्र में दो जबकि दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, पंजाब और तमिलनाडु में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। दिल्ली में 60 वर्षीय महिला की मौत हुई, और राजधानी में बीते 24 घंटे में 77 नए मरीज मिले हैं। केरल में 72 और महाराष्ट्र में 34 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

पिछले सप्ताह (25 मई तक) कोरोना मामलों में पांच गुना उछाल दर्ज किया गया था और कुल आंकड़ा 1,000 से ऊपर पहुंच गया था। सबसे ज्यादा टेस्टिंग केरल में हुई है, जिससे वहां संक्रमितों की संख्या भी अधिक सामने आई है। मिजोरम में सात महीने बाद दो नए केस रिपोर्ट हुए हैं।

कोरोना के मामलों में अचानक बढ़ोतरी के पीछे ओमिक्रॉन के दो नए सब-वेरिएंट LF.7 और NB.1.8.1 को जिम्मेदार माना जा रहा है। हालांकि, JN.1 अभी भी प्रमुख वेरिएंट बना हुआ है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अब तक LF.7 या NB.1.8.1 को चिंताजनक वेरिएंट नहीं बताया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अधिकतर मामलों में लक्षण हल्के हैं और घबराने की जरूरत नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि नए वेरिएंट में आंशिक रूप से प्रतिरक्षा से बचने की क्षमता हो सकती है, लेकिन इनके कारण गंभीर संक्रमण के प्रमाण फिलहाल नहीं मिले हैं। लक्षणों में बुखार, नाक बहना, गले में खराश, सिरदर्द और थकावट शामिल हैं।

सरकार ने सभी राज्यों को अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, टेस्टिंग किट और वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post