दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के स्ववित्तपोषित संस्थानों के गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी 14 सूत्रीय मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिस कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दीपक सोलंकी ने बताया कि 16 अप्रैल को विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगें रखी गई थीं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके विरोध में संघ के सभी पदाधिकारी और कर्मचारी तक्षशिला परिसर में हड़ताल स्थल पर बैठ गए हैं।
हड़ताल के पहले ही दिन परिसर में जमकर नारेबाजी हुई और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रकट किया गया। सोलंकी ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, यह आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही रोजाना चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।
रविवार को खराब मौसम के कारण हड़ताल स्थल पर लगे टेंट को नुकसान पहुंचा था, जिसे सोमवार सुबह ठीक कराया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने औपचारिक रूप से अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत कर दी।
Tags
madhya pradesh