दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जुए में हार के चलते एक युवक ने अपने ही साथी की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सोनू कोल (उम्र लगभग 20 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी अभिषेक कोल (उम्र लगभग 22 से 24 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जुए में पैसे हारने के बाद ली जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू कोल और अभिषेक कोल दोनों के बीच जुए को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। अभिषेक ने हाल ही में सोनू से जुए में पैसे हारे थे, जिससे वह खासा नाराज़ था। इसी रंजिश के चलते रविवार रात वह सोनू से बदला लेने के इरादे से खेरमाई मंदिर के पीछे गणेश मंदिर के पास पहुंचा, जहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
गुस्से में आकर अभिषेक ने सोनू पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सोनू को मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अधिक खून बहने के कारण कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को दबोचा
हत्या की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जब आरोपी को पकड़ा गया, उस समय उसके शरीर पर भी चाकू के घाव पाए गए। संभावना है कि आपसी झड़प के दौरान दोनों को चोटें आईं हों। आरोपी को विक्टोरिया जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है।
जांच जारी, अन्य पहलुओं की भी हो रही जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला जुए में पैसे हारने के बाद की गई रंजिशन हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं को भी खंगाल रही है। हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक और आरोपी दोनों आपस में परिचित थे और अक्सर साथ बैठकर जुआ खेला करते थे। अब यह देखना होगा कि क्या इस हत्या के पीछे और भी कोई गहरी साजिश या अन्य लोग शामिल हैं।
स्थानीय लोगों में रोष
हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेरमाई मंदिर के पीछे का इलाका असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बनता जा रहा है, जहां देर रात तक जुआ, शराबखोरी और विवाद होते रहते हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की है।
अंतिम संस्कार की तैयारी, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
सोनू की मौत से उसके घर में परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता राजकुमार कोल ने बताया कि उनका बेटा सुबह घर से निकला था और यह नहीं सोचा था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा। बेटे की असामयिक मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है।