दैनिक सांध्य बन्धु इस्लामाबाद/नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर के महज तीन घंटे बाद ही हालात फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि भारत ने सीजफायर का उल्लंघन किया है और उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने पेशावर एयरपोर्ट के पास एक भारतीय ड्रोन को मार गिराया है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने LoC पर कई स्थानों पर बिना किसी उकसावे के फायरिंग की है। इसके जवाब में पाकिस्तानी सेना ने भी मोर्चा संभाल लिया है। स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है और सेना की गश्त बढ़ा दी गई है।
इस बीच, चीन ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि उनका देश पाकिस्तान की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और आजादी की रक्षा में उसके साथ खड़ा रहेगा। यह बयान उन्होंने पाकिस्तानी उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के साथ फोन पर बातचीत के दौरान दिया।
एक ओर पाकिस्तान भारत पर आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी ओर चीन का यह समर्थन दक्षिण एशिया में रणनीतिक समीकरणों को और जटिल बना सकता है। अब देखना यह होगा कि भारत की ओर से इस पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है।