दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हत्या और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश मार्शल पाल की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने ₹5000 का नगद इनाम घोषित किया है। आरोपी मार्शल पाल पर कई संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज है और वह घटना के दिनांक 7 मार्च 2025 से फरार चल रहा है।
घटना की शिकायत वेदप्रकाश रजक (34 वर्ष), निवासी साईं बाबा चौक, ने दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, रात्रि करीब 1:30 बजे मार्शल पाल अपने साथियों अभिषेक पाल उर्फ चिंटू, छोटू श्रीवास्तव उर्फ लाला, अकबर अली, लखन ठाकुर, मिक्की यादव, शाहरूख अंसारी सहित 2-3 अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में घुस आया। आरोपियों ने लाठी, तलवार और गोलीबारी करते हुए घर में तोड़फोड़ की और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान सुजुकी हीट (MP 20 MB 2507) आंशिक रूप से जल गई।
जब वेदप्रकाश के फूफा विष्णुप्रसाद कनौजिया ने बाहर आकर हस्तक्षेप किया तो मार्शल पाल ने तलवार से हमला कर दिया। तलवार का वार भले ही दरवाजे पर लगा, लेकिन मार्शल ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया जिससे वे बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में धारा 333, 324(4), 352, 326(एफ), 331(6), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। अब तक लखन ठाकुर, शाहरूख अंसारी, मोहित ठाकुर, रोहित ठाकुर को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी मार्शल पाल, अभिषेक पाल, छोटू श्रीवास्तव, अकबर अली और मिक्की यादव फरार हैं।
कई थानों में दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले
मार्शल पाल के खिलाफ थाना सिविल लाइन, कैंट, गोराबाजार सहित कई थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट, अवैध वसूली जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी गैंग के कारण क्षेत्र में भय और आतंक का वातावरण बना हुआ है, लोग सूचना देने से डर रहे हैं और कई पीड़ित डर के कारण शिकायत दर्ज नहीं करा पा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अगर मार्शल पाल की गिरफ्तारी में सहयोग करता है या सूचना देता है, तो उसे ₹5000 का नगद इनाम दिया जाएगा।