दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आज सुबह गोराबाजार तिराहा में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक MP20 CK 0339) अनियंत्रित होकर फूलों की दुकान में जा घुसी। हादसे में संजू राव नामक युवक बुरी तरह घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के दोनों पहिए उसके पैरों पर चढ़ गए जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना के बाद क्षेत्रीय नागरिकों ने कार चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी और वाहन को थाने पहुंचा दिया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि कार चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था और घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहा था। लेकिन लोगों ने पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि कई बार कैंट बोर्ड प्रशासन से ब्रेकर बनवाने की मांग की गई, लेकिन अनसुनी रही। नतीजा ये है कि गोराबाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।