Jabalpur News: जबलपुर में फिर बढ़ा तापमान, आंधी-बारिश के बीच गर्मी का जोर बरकरार, 12 मई तक जारी रहेगा मौसम का बदला मिजाज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रदेश में बदलते मौसम के बीच जबलपुर में गर्मी का असर कम नहीं हुआ है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले चार दिन, यानी 12 मई तक आंधी-बारिश और गरज-चमक के दौर की चेतावनी दी है। प्रदेश के 24 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें जबलपुर भी शामिल है।

बीते वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि जबलपुर में मई के महीने में गर्मी का प्रकोप ज्यादा रहता है। 25 मई 1954 को यहां पारा 46.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, जो अब तक का सर्वाधिक तापमान है। पिछले 10 सालों में तीन बार तापमान 45 डिग्री के पार जा चुका है। वहीं, 2024 में भी शहर में गर्मी के साथ बारिश और आंधी का दौर देखने को मिला था।

जबलपुर में मई महीने में बारिश का ट्रेंड भी बना हुआ है। 2014 से लेकर 2023 तक हर साल बारिश हुई है। साल 2021 में पूरे महीने 3 इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई थी, जबकि 2023 में 2 इंच पानी गिरा था।

मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस, टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन जैसे चार सिस्टम सक्रिय हैं, जिनकी वजह से प्रदेश भर में मौसम बदला हुआ है। जबलपुर समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

मई में झुलसाएगी गर्मी, बारिश से फिर भी रहें सतर्क 

आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की आशंका के साथ ही मौसम में अचानक बदलाव भी हो सकता है। ऐसे में नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post