दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पनागर क्षेत्र की झुरझुरु नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सिद्धनगर मानेगांव निवासी 26 वर्षीय सुनील दाहिया के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती शाम सुनील अपने दो दोस्तों के साथ झुरझुरु नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहराई में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह तेज बहाव में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही पनागर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रातभर तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज सुबह एक राहगीर ने नदी में एक शव उतराते हुए देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान सुनील दाहिया के रूप में की गई। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा नहाने के दौरान डूबने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।