दैनिक सांध्य बन्धु अहमदाबाद। 12 जून को हुए अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या अब 275 तक पहुंच गई है। इस भीषण हादसे में मृत गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के शव की पहचान हो गई है। DNA रिपोर्ट के आधार पर पुष्टि होने के बाद परिवार ने जानकारी दी कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 3 बजे राजकोट में किया जाएगा।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब तक 248 शवों के DNA सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 86 शवों की पहचान हो चुकी है और 27 शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही डेथ सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए हैं।
शवों को सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से उनके गृहनगर पहुंचाने के लिए 230 टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें परिजनों से लगातार संपर्क में हैं और सभी कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरा कर रही हैं। 192 एम्बुलेंस और वाहन स्टैंडबाय पर रखे गए हैं।
हादसे में मारे गए विदेशी नागरिकों में से 11 के परिजन आज अहमदाबाद पहुंचने की संभावना है। प्रशासन ने उनके सहयोग और शव सुपुर्दगी की प्रक्रिया के लिए विशेष टीम बनाई है।
मृतकों के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के लिए 170 ताबूतों का ऑर्डर दिया गया है। इनमें से करीब 100 ताबूत वडोदरा से अहमदाबाद लाए जा चुके हैं जबकि बाकी का निर्माण कार्य जारी है।