दैनिक सांध्य बन्धु अहमदाबाद। गुरुवार दोपहर एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 लंदन के लिए रवाना होते ही क्रैश हो गई। हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल हैं, जबकि क्रू मेंबर्स की संख्या 12 थी। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया है।
फ्लाइट ने दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी थी और महज दो मिनट बाद 1:40 बजे 625 फीट की ऊंचाई पर यह विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हो गया। विमान सीधा अहमदाबाद सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर्स हॉस्टल की चार इमारतों से टकराया, जहां 50 से 60 डॉक्टर मौजूद थे। इनमें से 15 से ज्यादा घायल हुए हैं, जबकि कई की मौत की भी खबर है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। विमान का मलबा सड़कों पर बिखर गया और कई शव बुरी तरह जल गए। शवों की पहचान संभव नहीं हो पा रही है और डीएनए जांच से ही यह संभव होगी।
हादसे के बाद अहमदाबाद के विभिन्न अस्पतालों में घायलों को पहुंचाया गया है। सिविल अस्पताल में स्ट्रेचर्स की कमी के कारण शवों को हाथ ठेलों पर ले जाना पड़ा। अस्पताल में ओ निगेटिव ब्लड की कमी के चलते ब्लड डोनेशन की अपील की गई है।
इस भीषण हादसे ने देश को झकझोर दिया है। 2020 के कोझिकोड विमान हादसे के बाद यह एक और बड़ा विमान हादसा है जिसमें एक साथ इतने लोगों की जान गई है। जांच एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुट गई हैं।