MP News: दिग्विजय सिंह बोले - कांग्रेस से जोड़ो, दिग्विजय जाए भाड़ में, संगठन में सक्रिय युवाओं को मिलनी चाहिए जिम्मेदारी

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान चौंकाने वाला बयान दे दिया।

कांग्रेस के एक सीनियर कार्यकर्ता ने अपने बेटे को उनसे मिलवाया और जैसे ही दिग्विजय सिंह ने कहा - "कांग्रेस से जोड़ो...", अचानक उन्होंने तीखे लहजे में कहा - "दिग्विजय सिंह जाए भाड़ में", जिससे वहां मौजूद कई लोग हैरान रह गए।

दिग्विजय सिंह ने इस मौके पर कांग्रेस संगठन में बदलाव की खुली पैरवी की। उन्होंने कहा जिन जिला अध्यक्षों का कार्यकाल पांच साल पूरा हो चुका है, उन्हें हटाकर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को मौका मिलना चाहिए।

उन्होंने यह भी साफ किया कि वह न तो किसी के लिए सिफारिश करेंगे और न ही नाम सुझाएंगे। बोले मैं इस मामले में पार्टी नहीं बनूंगा। जिम्मेदारी उन्हें दी जाए जो बीते पांच वर्षों से सक्रिय हों।

विचारधारा से जुड़ाव पर जोर

दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि पार्टी की विचारधारा से जुड़े हैं और अंत तक उसी के लिए संघर्ष करते रहेंगे। बोले हमारी लड़ाई विचारधारा की है, चाहे सामने कोई भी हो, हम आखिरी दम तक लड़ेंगे।

प्रदेश में कांग्रेस संगठन में बदलाव की तैयारी

कांग्रेस ने प्रदेशभर में संगठन को मजबूत करने के लिए नई टीम तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। यह प्रक्रिया राहुल गांधी के 3 जून को भोपाल दौरे के दौरान शुरू किए गए संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है।

हाल ही में हुई वर्चुअल बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत 165 ऑब्जर्वर्स शामिल हुए। इसमें यह निर्णय लिया गया कि जिला अध्यक्ष उन्हीं को बनाया जाएगा जिनके पास कम से कम 5 वर्ष का कांग्रेस में सक्रिय अनुभव हो। उम्मीदवार की उम्र 35 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

संगठन निर्माण में युवाओं को तरजीह, सिफारिश नहीं चलेगी : दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह का यह सख्त रुख संगठनात्मक अनुशासन और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया का संकेत है। साथ ही, कांग्रेस में बदलाव की आहट और नई पीढ़ी को आगे लाने की मंशा भी स्पष्ट हो रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post