दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। मुरैना जिले के छौंदा टोल प्लाजा पर मंगलवार रात टोल कर्मियों और वाहन चालक के बीच विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। वाहन चालक छोटू तोमर और उसके साथी बृजेश सिकरवार के साथ टोल कर्मचारियों द्वारा की गई मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज बुधवार को सामने आया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित छोटू तोमर, निवासी संजय कॉलोनी मुरैना, ग्वालियर से मुरैना लौट रहे थे। छौंदा टोल प्लाजा पर भारी ट्रैफिक के चलते उन्होंने टोल कर्मियों से बैरियर हटाकर रास्ता देने का अनुरोध किया। इसी बात पर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गया।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब छोटू तोमर ने खुद बैरियर हटाने की कोशिश की, तो टोल कर्मियों ने उसे रोका। इस पर बहस हुई और टोल कर्मचारी एकजुट होकर मारपीट पर उतर आए। बीच-बचाव करने पहुंचे बृजेश सिकरवार के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना के बाद छोटू तोमर ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान टोल कर्मियों ने उनकी जेब से रुपए भी निकाल लिए। उन्होंने लूट की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के रूप में लिया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि छौंदा टोल प्लाजा पर कर्मचारियों का व्यवहार पहले भी आक्रामक रहा है। इस प्रकार की घटनाएं पहले भी घट चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों ने इस बार निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर टोल प्लाजा पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या टोल प्लाजा पर आम जनता के साथ इस तरह का व्यवहार करना कर्मचारियों के अधिकार क्षेत्र में आता है?
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और संबंधित टोल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।