दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पति की प्रताड़ना से परेशान होकर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला मझोली थाना क्षेत्र के ग्राम खबरा का है। मृतिका आरती (36 वर्ष) ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया था।
दिनांक 2 मई 2025 को मृतिका के पति मनोज झारिया (36 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह सुबह अपनी फर्नीचर दुकान पर गया था और शाम को लौटने पर घर का दरवाजा बंद मिला। आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जब अंदर जाकर देखा तो पत्नी आरती फांसी पर लटकी मिली।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान मृतिका के मायके पक्ष के बयान लिए गए, जिनमें यह सामने आया कि आरती की शादी वर्ष 2010 में मनोज झारिया से हुई थी। शादी के बाद से ही मनोज अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। घटना के दिन भी उसने आरती के साथ मारपीट की थी।
जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी पति मनोज झारिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।