दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। शहर के वार्ड क्रमांक 65 स्थित जोन-18 के जनमित्र केंद्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब दो महिला कर्मचारियों के बीच अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और मारपीट तक जा पहुंचा। कंप्यूटर ऑपरेटर मालती निरंजन पर उसी केंद्र की महिला क्लर्क नेहा राजपूत ने हमला कर दिया। यह पूरी घटना केंद्र में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसकी फुटेज पुलिस जब्त करने की कोशिश कर रही है।
पीछे से हमला, जूती से की ताबड़तोड़ पिटाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब कंप्यूटर ऑपरेटर मालती निरंजन डेटा अपडेट कर रही थीं, तभी नेहा राजपूत पीछे से आई और गाली-गलौज करते हुए उस पर थप्पड़ और घूंसे बरसाने लगी। मारपीट यहीं नहीं रुकी—नेहा ने जूती निकालकर मालती के चेहरे और सिर पर कई बार वार किए, जिससे उसके चेहरे और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं।
निजी रंजिश का शक
आरोपी महिला क्लर्क नेहा को शक था कि मालती उसके खिलाफ अफवाहें फैला रही है और बाकी कर्मचारियों से उसकी बुराई कर रही है। इसी संदेह के चलते नेहा ने यह हमला किया। पीड़ित मालती ने आरोप लगाया कि नेहा पिछले एक साल से उससे रंजिश रख रही थी और कई बार झगड़ा करने की कोशिश भी कर चुकी थी।
धमकाने का भी आरोप
मालती के अनुसार, मारपीट के दौरान नेहा ने उसे धमकाया कि अगर उसने भविष्य में उसके बारे में कुछ कहा तो वह उसे और उसके पति को भी जूतों से मारेगी।
पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज
घायल मालती ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने नेहा राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, CCTV फुटेज की मदद से सच्चाई की जांच की जा रही है।
तीन साल पहले हुआ था तबादला
मालती ने बताया कि वह पहले जोन नंबर-20 के जनमित्र केंद्र में कार्यरत थीं, लेकिन तीन साल पहले उनका तबादला जोन-18 में हुआ। तभी से नेहा उनके प्रति विरोध की भावना रखती है।