दैनिक सांध्य बन्धु कटनी (बड़वारा)। कटनी जिले की बड़वारा तहसील से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जब बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय राघवेन्द्र सिंह की पत्नी रंजीता सिंह ने तहसील कार्यालय परिसर में आत्मदाह करने का प्रयास किया। उन्होंने अपने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेल कर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारियों और फरियादियों की सतर्कता के चलते यह घटना टल गई।
सूत्रों के अनुसार, रंजीता सिंह लंबे समय से एक जमीन विवाद को लेकर तहसील कार्यालय के चक्कर काट रही थीं, लेकिन उनकी शिकायतों की कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। उन्होंने बड़वारा में पदस्थ नायब तहसीलदार पर कार्य में लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया है।
इस घटना के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों द्वारा समय रहते हस्तक्षेप करने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह मामला प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और रंजीता सिंह के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना से आक्रोशित रंजीता सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे फिर ऐसा कदम उठाने को मजबूर होंगी।
Tags
madhya pradesh