दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम जबलपुर जिले के सिहोरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम छपरा में आईटीआई भवन और सांदीपनी स्कूल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने मंच से लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हमारी सरकार को लाड़ली बहनों से किया गया वादा आज भी याद है और हम उसे हर हाल में निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने जो भी कहा है, उसे निभाया है। लाड़ली बहनों को जल्द ही बढ़ी हुई राशि मिलेगी। इसी रक्षाबंधन पर राशि में इजाफा किया जाएगा और अगले 5 वर्षों में सभी बहनों को ₹3000 प्रतिमाह दिए जाएंगे।
इस दौरान सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े, जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना, एसपी संपत उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में जल संसाधन विभाग द्वारा बनाए गए नए बांध की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बांध से 14,000 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिससे जबलपुर जिले के साथ-साथ मंडला के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि विकास कार्यों की गति और सामाजिक योजनाओं के विस्तार के लिए सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने स्थानीय जनता से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लें और क्षेत्र के विकास में सहभागी बनें।