सिक्किम में मिलिट्री कैंप पर लैंडस्लाइड: 3 जवान शहीद, 6 लापता; पूर्वोत्तर भारत में बाढ़ और बारिश से अब तक 37 मौतें

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली/इंफाल/भोपाल। सिक्किम के चट्टेन क्षेत्र में रविवार शाम 7 बजे एक मिलिट्री कैंप अचानक हुए लैंडस्लाइड की चपेट में आ गया, जिसमें 3 जवानों की मौत हो गई और 6 अब भी लापता हैं। हादसे के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सेना और रेस्क्यू टीमों ने 4 जवानों को मलबे से जिंदा बाहर निकाला है। मृत जवानों की पहचान हवलदार लखबिंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में हुई है।

इस दौरान उत्तरी सिक्किम के लाचेन और लाचुंग में फंसे 1,000 से अधिक पर्यटकों को भी आज सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। सिक्किम समेत पूरे पूर्वोत्तर भारत में पिछले 4 दिनों से लगातार मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं।

पूर्वोत्तर में तबाही का आलम

अब तक असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5, मेघालय में 6 और सिक्किम में 3 लोगों की मौत हुई है। कुल मृतकों की संख्या 37 पहुंच चुकी है।

असम: 3.64 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित, ब्रह्मपुत्र और बराक सहित 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर।

मणिपुर: 19,000 से ज्यादा लोग प्रभावित, 3,365 घर क्षतिग्रस्त।

त्रिपुरा: 10,000 से अधिक लोग सुरक्षित ठिकानों में पहुंचे।

मिजोरम: आइजोल में सभी स्कूल 2 जून को बंद, 30 मई से अब तक 211 लैंडस्लाइड की घटनाएं।

सेना और वायुसेना का राहत अभियान

भारतीय सेना, एयरफोर्स और असम राइफल्स के जवान लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। मणिपुर के इम्फाल ईस्ट और वेस्ट में 500 से ज्यादा लोगों को निकाला गया है। अरुणाचल प्रदेश में एयरफोर्स ने Mi-17 हेलिकॉप्टर से बाढ़ में फंसे 14 लोगों को रेस्क्यू किया।

पश्चिम और मध्य भारत में भी असर:

राजस्थान: 30 जिलों में बारिश का अलर्ट।

मध्य प्रदेश: 50 जिलों में अलर्ट जारी।

बिहार: वैशाली में आंधी-बारिश से घर गिरने से 60 साल की महिला की मौत। राज्य के 9 जिलों में चेतावनी जारी।

सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

सिक्किम और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में सड़कों और पुलों को नुकसान हुआ है। BRO (बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन) लगातार सड़कों से मलबा हटा रहा है ताकि राहत कार्य सुचारु रूप से चल सकें।

Post a Comment

Previous Post Next Post