Gwalior News: मेकअप आर्टिस्ट युवती से दुष्कर्म, बर्थडे पाटी में बॉयफ्रेंड ने की हरकत फिर शादी से मुकरा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में मेकअप आर्टिस्ट की बर्थडे पार्टी में उसके ही बॉयफ्रेंड द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। वारदात थाटीपुर के एक होटल में हुई है। आरोपी ने पीड़िता से शादी का वादा किया था। उसे अपना जीवन साथी मानकर ही युवती ने बर्थ डे पार्टी में बुलाया था। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के पुरानी छावनी निवासी 22 वर्षीय युवती मेकअप आर्टिस्ट है। वह गुजरात के अहमदाबाद में रहकर काम करती है। दो दिन पहले 4 जून को उसका जन्मदिन था। इसलिए वह अपने घर ग्वालियर आई थी। जन्मदिन की पार्टी शहर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के होटल डेजर्ट पाम में रखी थी। जिसमें उसने अपने प्रेमी भिंड के लहार निवासी आर्यन राठौर को भी बुलाया था। आर्यन से उसकी दोस्ती सोशल मीडिया पर हुई थी। करीब दो साल से दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा था। आर्यन पार्टी शुरू होने से पहले ही होटल पहुंच गया। होटल में वह उसे बहाने से अपने साथ रूम में ले गया और दुष्कर्म किया।

इससे पहले उसने उसे विश्वास दिलाया की वह उससे ही शादी करेगा। लेकिन बाद में वह शादी करने से मुकर गया। युवती ने अपने साथ हुए धोखे की शिकायत पुलिस थाने पहुंचकर की है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एक टीम आरोपी के घर भेजी। यहां से उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी आर्यन राठौर के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में एएसपी निरंजन शर्मा का कहना है कि युवती की बर्थडे पार्टी में पहुंचकर प्रेमी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। शारीरिक शोषण की वारदात थाटीपुर के एक होटल में हुई है। युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post