Jabalpur News: फ्लाईओवर के पोस्टर वार पर बोले मंत्री राकेश सिंह - छुटभैया नेताओं की बातों का जवाब देना जरूरी नहीं

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े 1100 करोड़ की लागत वाले फ्लाईओवर के लोकार्पण में हो रही देरी को लेकर जबलपुर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने मंत्री राकेश सिंह और सांसद आशीष दुबे के बीच खींचतान का हवाला देते हुए इसे जनता के साथ अन्याय बताया है। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 14 जून को शाम 4 बजे "जनता के हाथों जनता का फ्लाईओवर" लोकार्पित किया जाएगा।

बुधवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस के पोस्टर वार और आरोपों को खारिज करते हुए कहा, "छुटभैया नेताओं की हर बात का जवाब देना जरूरी नहीं है। ओछी राजनीति किसी को शोभा नहीं देती। जो नाली नहीं बनवा सकते, वे फ्लाईओवर का लोकार्पण करने की बात कर रहे हैं।"

मंत्री ने आरोप लगाया कि यही कांग्रेस है जिसने इस फ्लाईओवर को पहले रिजेक्ट कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता की याददाश्त कमजोर समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। लोकार्पण की एक प्रक्रिया होती है। जब काम पूरा हो जाएगा, तब प्रदेश और केंद्र के वरिष्ठ नेतृत्व की उपस्थिति में इसे भव्यता के साथ जनता को समर्पित किया जाएगा।

कांग्रेस द्वारा वायरल किए गए पोस्टर्स में मंत्री और सांसद के बीच मतभेद की बात कही गई है। इस पर मंत्री सिंह ने स्पष्ट किया कि "हमारे बीच कोई गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस को भाजपा से सीखना चाहिए कि एकजुट होकर कैसे विकास होता है।"

कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि शनिवार से पहले फ्लाईओवर का लोकार्पण नहीं होता, तो जनता स्वयं उसका उद्घाटन करेगी। शर्मा ने कहा कि "राजनीतिक खींचतान का खामियाजा आम नागरिक भुगत रहे हैं, जो बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं से जूझ रहे हैं।"

Post a Comment

Previous Post Next Post