दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर पुलिस ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। हाईवे से जुड़ने वाले आठ प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग प्वाइंट लगाकर बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों और बिना सीट बेल्ट लगाए चार पहिया वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
इन स्थानों पर लगी चेकिंग:
1. कटंगी बाईपास
2. पाटन बाईपास
3. खजरी खिरिया
4. अंधमूक बाईपास
5. एकता मार्केट
6. सगड़ा कासिग
7. महाराजपुर बाईपास
8. खमरिया रोड
पुलिस द्वारा इन स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है, साथ ही सड़क पर वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों की अनिवार्यता को लेकर जागरूकता भी फैलाई जा रही है। अधिकारियों द्वारा लोगों को बताया गया कि हाईवे पर सड़क हादसों में मृत्यु की आशंका ज्यादा होती है और नियमों के पालन से 50% तक दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि हम सभी को ट्रैफिक नियमों की जानकारी तो होती है, लेकिन अक्सर लापरवाही के चलते इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाना जानलेवा हो सकता है। अगर सभी नियमों का पालन करें, तो हम कई कीमती जानें बचा सकते हैं।
उन्होंने संस्कारधानी वासियों से अपील की कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय ISI मार्क वाला हेलमेट अवश्य पहनें और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं।