मध्य प्रदेश में मानसून एक्टिव, 28 जून को दमोह, गुना, मंदसौर व सिंगरौली में भारी बारिश‑आंधी का अलर्ट”



मध्य प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है और राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. बीते 24 घंटों में कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश हुई, जिससे जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं कई क्षेत्रों में जलभराव और यातायात में दिक्कतें भी देखने को मिलीं. 28 जून को भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है. आइए जानते है आज के मौसम का पूरा मिजाज.
पिछले 24 घंटों में कैसा रहा मौसम?

27 जून तक बीते 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों के अधिकतर जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा खरकिया (132.6 मिमी), उदय नगर (125.0 मिमी) और मेघनगर (123.0 मिमी) में दर्ज की गई. पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 15.4°C रहा, जो सामान्य से काफी कम है. वहीं ग्वालियर में अधिकतम तापमान 36.0°C दर्ज किया गया. अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 3–5°C तक नीचे रहा, जिससे मौसम काफी सुहावना बना रहा.


आज 28 जून का मौसम और किन जिलों में है अलर्ट?

आज 28 जून को राज्य के मंदसौर, नीमच और गुना जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना है. सिंगरौली और दमोह जिलों में भी बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं राजगढ़, धार, मंदसौर, रतलाम, सीहोर, रायसेन, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, गुना, सागर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, उमरिया और सीधी जिलों में भारी वर्षा के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. भोपाल, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, शाजापुर, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, श्योपुरकलां सहित अन्य जिलों में तेज हवाएं (30–40 किमी/घंटा) और आंधी की आशंका है.
अगले 2 दिन का मौसम

29 जून को कई जिलों में बारिश की तीव्रता बनी रहने की संभावना है. खासतौर पर भोपाल, जबलपुर, सतना, रीवा, शहडोल, छतरपुर, पन्ना, उमरिया, कटनी आदि जिलों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा की चेतावनी है. 30 जून को भी पूर्वी और मध्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

Post a Comment

Previous Post Next Post