दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में आड़ी-तिरछी, डिजाइनर और अमानक नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) संपत उपाध्याय के निर्देश पर यातायात पुलिस व अन्य थाना प्रभारियों की संयुक्त टीमों ने बीते सात दिनों में विशेष अभियान चलाकर 4,664 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है और 23 लाख 32 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला है।
यह कार्रवाई शहर व देहात क्षेत्रों में चौराहों, बाजारों, प्रमुख सड़कों और हाईवे पर बनाए गए विशेष चेकिंग प्वाइंट्स के माध्यम से की गई। इस अभियान से ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार देखने को मिल रहा है और वाहन चालक अब आरटीओ जाकर मानक नंबर प्लेट लगवाने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
एसपी ने दिए थे सख्त निर्देश
एसपी संपत उपाध्याय ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अभियान सिर्फ चालान काटने तक सीमित न रहे, बल्कि इसके जरिए जनता को जागरूक भी किया जाए कि मानक नंबर प्लेट का उपयोग सुरक्षा के लिहाज से भी आवश्यक है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि लोगों को समझाएं कि यदि वे स्वयं ही एचएसआरपी (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) लगवा लेंगे, तो चालानी कार्रवाई की नौबत नहीं आएगी।
अमानक नंबर प्लेट बनीं अपराध का साधन
पुलिस की मानें तो अक्सर अपराधों में उपयोग किए जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों में अमानक नंबर प्लेट लगाई जाती हैं या नंबर ही गायब होता है, जिससे वारदात के बाद वाहन की पहचान कर पाना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा कुछ वाहन मालिक महज दिखावे या स्टाइल के लिए फैंसी नंबर प्लेट लगाते हैं, जो नियमों के खिलाफ है।
एचएसआरपी नंबर प्लेट क्यों है जरूरी
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) एल्यूमीनियम से बनी होती है।
इसमें एक यूनिक 7 अंकों का डिजिटल कोड होता है।
इस प्लेट को आरटीओ द्वारा अधिकृत एजेंसी ही वाहन पर फिट करती है।
यह प्लेट चोरी और दुर्घटना के मामलों में वाहन की पहचान में मदद करती है।
प्लेट के साथ टेम्पर प्रूफ क्लिप्स और लेजर कोडिंग होती है, जिससे छेड़छाड़ असंभव है।
अभियान का दिखने लगा असर
अभियान का असर यह है कि अब बड़ी संख्या में वाहन चालक आरटीओ पहुंचकर एचएसआरपी प्लेट लगवा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और बिना मानक नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कार्रवाई लगातार होती रहेगी।
जनता नियमों का पालन करें : पुलिस
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे नियमों का स्वयं पालन करें और अपने वाहनों पर जल्द से जल्द मानक और एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाएं, ताकि कोई कानूनी कार्रवाई या दुर्घटना के वक्त परेशानी न हो।