दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्राम मादा के सरपंच पप्पू उर्फ बेनी प्रसाद यादव की सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने बेटे निखिल यादव और एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से पाटन जा रहे थे, तभी गांव की सीमा पार करते हुए उनकी कार 100 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
हादसे में सरपंच पप्पू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे निखिल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। निखिल को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाटन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पाटन स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि हादसे की सटीक वजह जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार की गति 100 किमी प्रति घंटे से अधिक थी।हादसे की एक बड़ी वजह निर्माणाधीन सड़क भी मानी जा रही है, जहां मरम्मत कार्य चल रहा था। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को पाटन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन सरपंच को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। देर शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।