Mandla news : विद्युत विभाग के जेई की कार खाई में गिरी, राहगीरों ने शीशे तोड़कर बचाई जान

 




दैनिक सांध्य बन्धु मंडला।
निवास-मंडला मार्ग पर सोमवार को उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, निवास में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता (JE) अनिल कुमार पनारिया की कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि जेई को इस दुर्घटना में गंभीर चोट नहीं आई। राह चलते ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शीशे तोड़कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जेई अनिल कुमार पनारिया किसी कार्य से मंडला गए थे और अपनी आई-20 कार से मुख्यालय निवास लौट रहे थे। जब वे ग्राम पिपरिया के पास बंजारी माता मंदिर के पीछे से गुजर रहे थे, तभी सड़क पर फैली मुरम के कारण उनकी कार अचानक फिसल गई और नियंत्रण खो बैठी। कार सीधे खाई में जा गिरी और पलट गई, जिससे उसके दरवाजे लॉक हो गए और पनारिया अंदर ही फंसे रह गए।

हादसे को देखकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे तोड़े और जेई को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे विद्युत विभाग के कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी राहत और जांच कार्य में जुट गए।

प्राथमिक उपचार के बाद यह स्पष्ट हुआ कि जेई पनारिया को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, लेकिन समय पर राहत मिलने से एक बड़ा नुकसान टल गया।

स्थानीय प्रशासन ने दुर्घटना की वजहों की जांच शुरू कर दी है, वहीं नागरिकों की त्वरित मदद ने एक और जान बचाने की मिसाल पेश की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post