दैनिक सांध्य बन्धु मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ससुर ने अपनी ही विधवा बहू को सिर्फ इसलिए गोली मार दी क्योंकि वह चचेरे देवर से शादी करने को तैयार नहीं थी। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सिकरौदा नगर के पास का है, जहां रहने वाले ज्ञान सिंह गुर्जर ने अपनी 25 वर्षीय बहू प्रियंका गुर्जर की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रियंका के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब मां का भी साया उठ गया।
प्रियंका के भाई मुकेश गुर्जर ने बताया कि उसके जीजा अजय गुर्जर की मौत 9 जून 2024 को हो गई थी। इसके बाद से प्रियंका अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। चार दिन पहले ही वह वापस ससुराल आई थी।
मुकेश के अनुसार, ससुर ज्ञान सिंह अपने बड़े भाई के बेटे ध्रुव से प्रियंका की जबरन शादी कराना चाहता था। लेकिन प्रियंका इसके लिए राजी नहीं थी, क्योंकि उसके पहले से ही तीन बच्चे हैं और वह अकेले ही उनकी परवरिश करना चाहती थी। कई बार इस बात को लेकर ससुर-बहू के बीच विवाद भी हुआ।
घटना वाले दिन भी ज्ञान सिंह ने प्रियंका पर शादी के लिए दबाव बनाया। जब प्रियंका ने फिर से मना कर दिया तो आरोपी ससुर ने गुस्से में आकर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। इस दिल दहला देने वाले अपराध के बाद इलाके में आक्रोश है। महिला आयोग और सामाजिक संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।