दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और जबलपुर भी इससे अछूता नहीं रहा है। मौसम विभाग ने जबलपुर सहित प्रदेश के कुल 27 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी तेज हवाओं और बौछारों की संभावना जताई गई है। इसके चलते जिले में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बुधवार को तापमान रहा 36.7 डिग्री
प्री-मानसून की बौछारों ने जबलपुर में गर्मी से कुछ राहत जरूर दी है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से नीचे रहा। लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को उमस से राहत मिली है, हालांकि हवा में नमी बढ़ने से थोड़ी चिपचिपाहट महसूस की गई।
50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक चल सकती है तेज आंधी
मौसम विभाग के अनुसार, जबलपुर सहित जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहां पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई गई है। कृषि और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्री-मानसून के कारण समय से पहले बदला मौसम
हर साल जून के पहले सप्ताह में जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार तापमान अपेक्षाकृत कम रहा है। मानसून से पहले ही प्री-मानसून की सक्रियता ने मौसम में बड़ा बदलाव ला दिया है। दिन में धूप और बादलों के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा, वहीं शाम के समय आसमान में घने बादल छा गए।
आगामी चार दिन रहेगा ऐसा ही मौसम
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। इससे आने वाले दिनों में तापमान और भी गिर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं प्रदेश में नमी ला रही हैं, जिससे प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं।