रामायण बनेगी भारत की सबसे महंगी फिल्म: 1600 करोड़ के बजट में नितेश तिवारी गढ़ेंगे सिनेमा का नया इतिहास, दिवाली 2026 से शुरू होगी रिलीज

दैनिक सांध्य बन्धु मुंबई। भारतीय सिनेमा अब एक नई दास्तान लिखने जा रहा है। रामायण जैसे महाकाव्य को बड़े पर्दे पर जीवंत करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म बन चुकी है, जिसका कुल बजट 1600 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

दिवाली पर होगा सिनेमा का महा-प्रस्तावना:

फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में उतरेगा। पहले भाग का निर्माण 900 करोड़ रुपये की लागत से लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे भाग के लिए 700 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

पहली झलक से ही जगी उम्मीदें:

हाल ही में जारी किए गए फिल्म के आधिकारिक ग्लिम्प्स ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। हाई-क्वालिटी वीएफएक्स, भव्य साउंड डिजाइन और प्राचीनता से ओत-प्रोत दृश्यावलियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि ‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति के गौरवशाली अध्याय को सजीव करने का प्रयास है।

दिग्गजों से सजी दमदार कास्टिंग:

फिल्म में राम की भूमिका में रणबीर कपूर नजर आएंगे, जबकि सीता का किरदार साई पल्लवी निभा रही हैं। हनुमान की भूमिका में सनी देओल, लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे और रावण की भूमिका में कन्नड़ सुपरस्टार यश को लिया गया है। यह कास्टिंग दर्शकों के बीच पहले से ही चर्चा का विषय बनी हुई है।

‘दंगल’ के निर्देशक का नया महायज्ञ:

‘दंगल’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले नितेश तिवारी इस प्रोजेक्ट के निर्देशन की कमान संभाल रहे हैं। फिल्ममेकिंग में उनकी गहराई और सांस्कृतिक समझ से ‘रामायण’ को एक भव्य, संवेदनशील और भावनात्मक सिनेमाई अनुभव बनाने की उम्मीद की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post