बिहार में महिलाओं के लिए कांग्रेस की ‘माई-बहन मान योजना’, 5 लाख सैनिटरी पैड बांटेगी पार्टी; राहुल गांधी की तस्वीर को लेकर सियासी घमासान



पटना। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने बिहार में महिलाओं को केंद्र में रखकर एक बड़ी योजना का ऐलान किया है। ‘माई-बहन मान योजना’ के तहत कांग्रेस राज्य की पांच लाख जरूरतमंद महिलाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड वितरित करेगी। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना बताया गया है।

इस योजना के तहत वितरित किए जा रहे पैड के पैकेटों पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की तस्वीर और "नारी न्याय, महिला सम्मान" का नारा छपा है। साथ ही कांग्रेस की ओर से वादा किया गया है कि सत्ता में आने पर महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की सम्मान राशि भी दी जाएगी।

यह घोषणा शुक्रवार, 4 जुलाई को कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में की। उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी का संकल्प है कि राज्य की आधी आबादी को न केवल सम्मान मिलेगा, बल्कि उनकी मूलभूत ज़रूरतों का ध्यान भी रखा जाएगा।"

80% किशोरियां वंचित: कांग्रेस का दावा

कांग्रेस ने यह दावा भी किया कि बिहार में 80% किशोरियों को अभी भी सैनिटरी पैड जैसी मूल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए बेगूसराय और वैशाली जिलों में 'प्रियदर्शिनी उड़ान प्रोजेक्ट' के तहत सेनेटरी नैपकिन निर्माण इकाइयाँ भी शुरू की गई हैं, जिससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार भी मिला है।

राहुल की तस्वीर पर गरमाई राजनीति

इस अभियान की शुरुआत के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा ने इस योजना की टाइमिंग और प्रस्तुतिकरण पर सवाल उठाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता रमेश भंडारी ने कहा, "सेनेटरी पैड के पैकेट पर राहुल गांधी की तस्वीर छापना बिहार की महिलाओं का अपमान है। कांग्रेस महिला हितैषी नहीं, बल्कि महिला विरोधी मानसिकता की राजनीति कर रही है।"

Post a Comment

Previous Post Next Post