दैनिक सांध्य बन्धुदेश के कई राज्यों में मॉनसून कहर बनकर बरस रहा है। मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित 11 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, बारिश से जुड़ी घटनाओं ने कई जगह जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह परिसर में बुधवार को भारी बारिश के कारण 2 फीट तक पानी भर गया। साथ ही, दरगाह परिसर में बने बरामदे की छत का हिस्सा गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। दरगाह कमेटी ने प्रभावित हिस्से में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
उत्तराखंड: लैंडस्लाइड में 40 श्रद्धालु फंसे, SDRF ने रेस्क्यू किया
उत्तराखंड के केदारनाथ मार्ग पर बुधवार रात सोनप्रयाग के पास भूस्खलन हुआ, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इस दौरान 40 श्रद्धालु रास्ते में फंस गए थे। SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हिमाचल: मंडी में बादल फटा, अब तक 11 की मौत
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और बाढ़ के चलते अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को 6 और शव मिले। अब भी 34 लोग लापता हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। राहत कार्य में खराब मौसम के चलते विलंब की आशंका जताई जा रही है।