दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नगर निगम जबलपुर में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक बड़ा फेरबदल किया गया है। नगर निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके नियमित कार्यों के अतिरिक्त अस्थायी प्रभार सौंपे गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है और आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा।
इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाना है। अधिकारियों को सौंपे गए अतिरिक्त प्रभारों का विवरण निम्नानुसार है:
1.रचयिता अवस्थी, सहायक आयुक्त, को शिक्षा विभाग एवं बाजार विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दोनों विभाग अब अपर आयुक्त की निगरानी में कार्य करेंगे और सभी फाइलें उनके माध्यम से आयुक्त तक प्रस्तुत की जाएंगी।
2. कृष्णपाल सिंह रावत, प्रमुख संभागीय यंत्री, को संभाग क्रमांक 02 का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
3. संजय पटैल, प्रमुख अधीक्षक (स्थापना), को स्थापना विभाग के साथ-साथ संभाग क्रमांक 13 का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
4. पवन श्रीवास्वत, प्रमुख संभागीय यंत्री, को संभाग क्रमांक 03 का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
5. भगवान सिंह दांगी, सहायक क्रीड़ा अधिकारी, को प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी का दायित्व दिया गया है।
6. इंद्र कुमार वर्मा, सहायक ग्रेड-2, को राजस्व विभाग में प्रभारी अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से कार्यों में तेजी आएगी और जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक प्रभावी रूप से होगा।