दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली/ मास्को। रूस के अमूर क्षेत्र में एक बड़ा हवाई हादसा सामने आया है। अंगारा एयरलाइंस का एक यात्री विमान चीन की सीमा के पास क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 49 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 43 यात्री और 6 क्रू मेंबर शामिल हैं। यात्रियों में 5 बच्चे भी थे।
हादसा टिंडा से करीब 16 किलोमीटर दूर एक दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में हुआ। हेलिकॉप्टर से चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान विमान का मलबा मिला। यह क्षेत्र रूस की राजधानी मॉस्को से करीब 6,600 किलोमीटर पूर्व में स्थित है।
दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश में टूटा संपर्क
इंटरफैक्स की रिपोर्ट के अनुसार, विमान टिंडा एयरपोर्ट पर पहली बार लैंडिंग करने में असफल रहा। जब दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश की जा रही थी, तभी विमान रडार से गायब हो गया। तास समाचार एजेंसी के मुताबिक, यह विमान एक तय चेकपॉइंट से भी संपर्क नहीं कर सका था।
63 साल पुराना था दुर्घटनाग्रस्त An-24 विमान
बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान An-24 मॉडल का था, जिसे 1962 में सोवियत संघ में विकसित किया गया था। यह विमान 450 किमी/घंटा की रफ्तार से 400 किमी तक उड़ सकता था और इसे कमज़ोर या छोटे रनवे के लिए भी सक्षम बनाया गया था। इस विमान की पहली व्यावसायिक उड़ान 1962 में हुई थी। इसके कुल 1,367 यूनिट बनाए गए थे।
पिछले साल भी हुआ था हादसा
यह पहला हादसा नहीं है। अमूर क्षेत्र में पिछले साल सितंबर में रॉबिन्सन R66 हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई थी। उस वक्त तीन लोगों की मौत हुई थी। खास बात यह थी कि उस हेलिकॉप्टर को उड़ान की अनुमति नहीं मिली थी।