MP News: मैहर में बीएसएनएल परिसर की दीवार गिरने से किशोरी की दर्दनाक मौत, प्रशासन ने दिया मुआवज़े का भरोसा

 

दैनिक सांध्य बन्धु मैहर। गुरुवार रात तेज बारिश के बीच मैहर में बीएसएनएल कार्यालय की जर्जर दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आने से 17 वर्षीय नेहा कपड़िया की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक गाय की भी जान चली गई। यह घटना जैन पेट्रोल पंप के सामने उस समय हुई जब नेहा वहां से गुजर रही थी।

स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से जब मलबा हटाया गया, तब नेहा का शव और पास में ही एक मृत गाय मिली। नेहा अपने परिवार की चार बहनों में सबसे बड़ी थी और आर्थिक रूप से घर चलाने में सहायक थी। वह एक दुकान में काम करती थी।

शुक्रवार को मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और एसडीएम विकास सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मृतका के परिजनों को एक लाख रुपये की सहायता देने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी ने व्यक्तिगत रूप से 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की।

परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना से दस दिन पहले ही नगर पालिका अधिकारी सुषमा मिश्रा को इस बाउंड्री की खराब स्थिति के बारे में लिखित शिकायत दी गई थी। चार दिन पूर्व उन्होंने निरीक्षण भी किया था, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते दीवार को गिरा दिया जाता, तो यह हादसा टल सकता था।

घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय नागरिक विरोध पर उतर आए। पुलिस और अधिकारियों ने सूझबूझ से स्थिति को संभालते हुए मुआवजे और सहायता का भरोसा दिलाया। नगर पालिका ने तत्काल जेसीबी और सफाई कर्मचारियों को लगाकर मलबा हटवाया और रास्ता साफ कराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post