धार जिले के मनावर में गुस्से से उबला जनाक्रोश, बारिश में शव रखकर चक्काजाम
दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) धार/मनावर। मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर में 12वीं कक्षा की छात्रा ने कथित तौर पर स्कूल की तीन शिक्षिकाओं द्वारा मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पास मिले सुसाइड नोट में शिक्षिकाओं के नाम दर्ज हैं, जिसमें उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
17 वर्षीय पार्वती वर्मा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक, तीनों शिक्षिकाएं उसे लगातार धमकातीं, गालियां देतीं और अपमानित करती थीं। गुरुवार रात पार्वती ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बड़ी बहन ने जब उसे फंदे पर लटका देखा तो परिजन तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बारिश में उफना विरोध
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शव स्कूल के बाहर रखकर मनावर-खलघाट मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मूसलाधार बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। करीब डेढ़ घंटे तक जाम रहा। प्रशासन द्वारा जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
सहपाठियों ने भी लगाए आरोप
मृतका की सहेली ने भी दावा किया कि वही शिक्षिकाएं कई छात्राओं को गालियां देतीं और बेवजह अपमानित करती थीं। उसने कहा कि वह खुद भी उनके मानसिक उत्पीड़न का शिकार हो चुकी है।
जांच के आदेश
मनावर एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। बीईओ सत्यनारायण सूर्यवंशी ने बताया कि घटना का पूरा प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा गया है और आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।
