
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर खितौला में बैंक से 15 करोड़ की लूट के आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने नई बाइक खरीदी थी। आरोपी बिना नंबर प्लेट के ही बाइक चला रहे थे। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर भागे थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को मुख्य संदेही की तलाश है। पुलिस जांच में नए नए खुलासे हो रहे हैं।
सभी आरोपी बाहर के
दरअसल जबलपुर निवासी रईस नाम के शख्स पर पुलिस का शक गहराया है। लूट के आरोपियों का एक साथी रईस के साथ देखा गया। घटना के बाद से ही रईस फरार चल रहा है। रईस के संपर्क में बैंक में लूट के आरोपी थे। लूट की घटना को अंजाम देने वाले सभी आरोपी बाहर के है।
फर्जी आधार कार्ड पर गांव में लिया था किराए का मकान
पुलिस को आशंका रईस के बनाए प्लान पर ही आरोपी काम कर रहे थे। मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत इंद्राना में आरोपी छिपे थे। आरोपी 20 दिन से किराए के मकान में रह रहे थे। फर्जी आधार कार्ड के सहारे किराए पर मकान लिया था। आरोपी खुद को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर गांव में रह रहे थे। आरोपियों के अन्य ठिकानों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। 11 अगस्त को दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया था।