दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रविवार की सुबह नेपियर टाउन क्षेत्र में अचानक मचा हड़कंप लोगों को कुछ देर के लिए यह एहसास करा गया कि मानो धरती हिल उठी हो। दरअसल, कच्ची जैन समाज के मंदिर परिसर के पास खड़ा एक विशालकाय पीपल का वृक्ष जमींदोज हो गया।
पेड़ गिरने की आवाज़ और धमक इतनी तेज़ थी कि आसपास के घरों से लोग घबराकर बाहर निकल आए। मौके पर देखा गया कि वृक्ष मंदिर की बाउंड्री वॉल को तोड़ते हुए धराशायी हुआ है। इस दौरान करीब एक दर्जन से अधिक वाहन उसकी चपेट में आ गए। मंदिर का पोर्च भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, आसपास खड़े कुछ अन्य पेड़ भी इसकी गिरावट में धराशायी हो गए।पेड़ गिरते ही क्षेत्र में अराजकता का माहौल बन गया। टूटी हुई विद्युत केबलें चारों ओर फैली थीं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आनन-फानन में स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
जैन मंदिर के मयूर सिंघवी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे मंदिर में प्रवचन चल रहा था, तभी अचानक जोरदार झटका महसूस हुआ। बाहर निकलकर देखा गया तो विशाल पीपल का वृक्ष खंभे और बाउंड्री तोड़ते हुए गिर पड़ा था। यह गनीमत रही कि उस समय मंदिर की पार्किंग खाली थी, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
हालांकि, वृक्ष की चपेट में खड़ी 4 से 5 कारें और 8 से 9 दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
नगर निगम उद्यान विभाग के श्याम कुमार मिश्रा ने बताया कि वृक्ष काफी पुराना था और संभवतः जड़ें कमजोर होने के कारण धराशायी हुआ। उन्होंने कहा कि वृक्ष को हटाने का कार्य जारी है, उसके बाद क्षति का सटीक आकलन किया जाएगा। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक 10 से 15 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।