दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। यादव कॉलोनी पुलिस चौकी क्षेत्र में प्लॉट दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे सरोज नगर से गुरुमूर्ति को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार फरियादी कंचन दीक्षित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 42 लाख रुपये लिए। लंबे समय तक प्लॉट न मिलने पर आरोपी ने 29 लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन शेष रकम हड़प गया।
यादव कॉलोनी पुलिस चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है।