दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। देश की सुरक्षा से जुड़े सख्त चयन प्रक्रिया को चकमा देने की कोशिश आखिरकार नाकाम हो गई। जबलपुर के ग्रेनेडियर्स रेजिमेंटल सेंटर में अग्निवीर की ट्रेनिंग ले रहे बिहार के युवक के दस्तावेज फर्जी पाए गए, जिसके बाद आर्मी ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर गोरखपुर पुलिस थाने में धोखाधड़ी की FIR दर्ज कराई। सेना ने आरोपी के सभी दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है।
एएसपी सुर्यकांत शर्मा के अनुसार, दिसंबर 2024 में दानापुर, बिहार में हुई अग्निवीर भर्ती रैली में आरोपी पप्पू कुमार साहू ने खुद को आयुष्मान आशीष बताकर दस्तावेज पेश किए थे। फर्जी पहचान के आधार पर उसका चयन अग्निवीर योजना के तहत हो गया।
30 अप्रैल को वह ट्रेनिंग के लिए जबलपुर पहुंचा और एक मई से उसकी ट्रेनिंग शुरू हो गई। लेकिन बैंक खाता खुलवाने के लिए आधार कार्ड की जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गईआधार पप्पू साहू के नाम का निकला, जबकि जन्मतिथि और पिता का नाम बदला हुआ था।
जांच में फर्जीवाड़ा साबित होते ही सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला अब विस्तृत जांच के अधीन है।
