National news : आदिवासी राजनीति के पुरोधा शिबू सोरेन नहीं रहे, दिल्ली में ली अंतिम सांस

 

दैनिक सांध्य  बन्धु ( एजेंसी )  रांची/दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आदिवासी राजनीति के प्रखर नेता शिबू सोरेन का सोमवार सुबह दिल्ली में निधन हो गया। 81 वर्षीय सोरेन पिछले एक महीने से सर गंगा राम अस्पताल में किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे थे। डॉक्टरों ने उन्हें आज सुबह 8:56 बजे मृत घोषित किया।

शिबू सोरेन पिछले कुछ समय से लगातार बीमार थे। डेढ़ महीने पहले उन्हें स्ट्रोक आया था, जिसके बाद से वे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। उनके निधन की पुष्टि उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने X (पूर्व ट्विटर) पर गहरे शोक में लिखा—

"आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं…"

शिबू सोरेन, जिन्हें लोग सम्मान से 'दिशोम गुरु' कहकर बुलाते थे, झारखंड आंदोलन के प्रणेता रहे हैं। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की स्थापना कर आदिवासी अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया। तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे सोरेन, केंद्र में कोयला मंत्री भी रह चुके हैं। उनका राजनीतिक जीवन संघर्ष, आंदोलन और जनसेवा की मिसाल रहा।

उनके निधन से झारखंड ही नहीं, देश की राजनीति में भी एक युग का अंत हो गया है। राज्य में शोक की लहर है, वहीं झारखंड सरकार ने राजकीय शोक की घोषणा की है। उनके अंतिम संस्कार की तैयारियाँ रांची में की जा रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post