पारिवारिक विवाद में सगी औलाद बनी जल्लाद, गांव में सनसनी
दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के ग्राम अगरिया से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पारिवारिक कलह में दो सगे बेटों ने मिलकर अपने ही पिता को निर्मम तरीके से मौत के घाट उतार दिया। घटना की क्रूरता ऐसी कि सुनकर क्षेत्रवासी भी सिहर उठे।मृतक की पहचान 55 वर्षीय गिरनी कुमार चक्रवर्ती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात घरेलू विवाद के दौरान बड़े बेटे संतोष चक्रवर्ती (28) और छोटे बेटे अजय चक्रवर्ती (25) ने पहले पिता की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद दोनों ने उनके हाथ पीछे बांध दिए और जीवित अवस्था में ही नर्मदा की मुख्य नहर में फेंक दिया।
मंगलवार सुबह करीब 9 बजे शव नहर में मिला, जिसके बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची मझगवां पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के मुताबिक, घटना की जड़ में पारिवारिक संपत्ति का विवाद और लंबे समय से चला आ रहा घरेलू झगड़ा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया है और अन्य परिजनों व ग्रामीणों के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।