Bhopal News: बिना फिटनेस और परमिट के स्कूल वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 5 वाहन जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी जितेंद्र शर्मा के निर्देश पर टीएसआई रितु रघुवंशी, परिवहन आरक्षक प्रशांत यादव, धर्मेंद्र ठाकुर और संदीप तिवारी की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में बसों और वैन की जांच की।

अभियान के दौरान बिना फिटनेस, परमिट, बीमा और बकाया टैक्स वाले 5 स्कूली वाहनों को मौके पर ही जब्त कर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में खड़ा कराया गया। साथ ही, पहले से जब्त वाहन MP04PA2560 से ₹10,87,901 का मोटरयान कर भी वसूला गया। बच्चों को सुरक्षित उनके स्कूल और घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मौके पर मौजूद परिवहन आरक्षकों ने निभाई।

RTO जितेंद्र शर्मा ने कहा कि स्कूली वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट और बीमा की अनदेखी गंभीर अपराध है और यह बच्चों की जान से खिलवाड़ है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे ‘एम परिवहन’ ऐप के जरिए अपने बच्चों के वाहन की स्थिति और दस्तावेजों की जांच करें। विभाग की योजना है कि शहर के सभी स्कूल वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट और ड्राइवर की पात्रता की जांच की जाएगी, विशेषकर निजी वैन और मैजिक वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post