MP News: इंदौर में महिला की मौत का मामला हत्या में बदला, पोस्टमॉर्टम में सिर में मिली गोली, पति हिरासत में

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। इंदौर के कनाडिया इलाके में 30 वर्षीय रानी की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरू में इसे सड़क हादसा बताया जा रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने हत्या की ओर इशारा किया है। जांच में रानी के सिर में गोली का घाव मिला और एक्स-रे में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई।

घटना बुधवार की है, जब रानी अपने बेटे के साथ कनाडिया आई थी। उसके पति ईश्वर ने दावा किया कि वह सड़क पर घायल अवस्था में मिली और उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया। लेकिन रानी के मायके वालों ने शुरुआत से ही पति पर हत्या का आरोप लगाया।

रानी की बड़ी मां कांता ने बताया कि पति-पत्नी के बीच दो साल से विवाद चल रहा था। ईश्वर पर स्कूल में काम करने वाली एक महिला से प्रेम संबंध होने का आरोप है। परिवार का कहना है कि इसी कारण ईश्वर रानी को धमकाता था और हत्या कर घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी और बुधवार रात ईश्वर को हिरासत में ले लिया। एडिशनल डीसीपी ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post