Jabalpur News: पार्षद से मारपीट व अवैध वसूली, कार में तोड़फोड़ कर फरार हुए आरोपी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना क्षेत्र के झंडा चौक नई बस्ती में मंगलवार रात भाजपा पार्षद निशांत झारिया के साथ मारपीट और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। पार्षद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपियों ने न सिर्फ उनसे रुपए मांगे बल्कि जान से मारने की धमकी देकर उनकी कार में भी तोड़फोड़ की।

भगत सिंह वार्ड क्रमांक 63 से पार्षद निशांत झारिया ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वे घर पर मौजूद थे। इसी दौरान विशाल ठाकुर और अंशुल ठाकुर पहुंचे और घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित भी किया।

जब झारिया घर से बाहर आए तो आरोपियों ने शराब पीने के लिए 2 हजार रुपए की मांग की। रुपए देने से इनकार करने पर दोनों ने उन पर हमला कर दिया। झारिया जैसे-तैसे बचकर घर के अंदर भागे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और घर के बाहर खड़ी उनकी कार (क्रमांक MP 20 CB 6647) में तोड़फोड़ कर दी।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post