MP News: फेसबुक पर भाजपा विधायक को मिली जान से मारने की धमकी

दैनिक सांध्य बन्धु गुना (चांचौड़ा)। सोशल मीडिया पर चांचौड़ा की भाजपा विधायक प्रियंका पैंची के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने और उनकी गर्दन काटने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पैंची निवासी दिलीप मीना पुत्र निरंजन सिंह मीना (39) ने थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत की। आवेदन में बताया गया कि 26 अगस्त को फेसबुक पर डॉ. दिनेश मीना सुतानदी की एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में राम मीना पुत्र मंटीलाल मीना निवासी ग्राम वरखेड़ीमाफी ने अपनी फेसबुक आईडी से विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक व अश्लील टिप्पणी की और उनकी गर्दन काटने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता दिलीप मीना ने बताया कि इस पोस्ट को देखकर उन्हें और ग्रामीणों को गहरा आघात पहुंचा है। सार्वजनिक मंच पर विधायक के प्रति ऐसी अमर्यादित टिप्पणी से उनकी छवि धूमिल हुई है और सामाजिक अपमान भी हुआ है। उन्होंने पोस्ट के स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 296, 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post