दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आज रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जबलपुर के एक प्रमुख अस्पताल जबलपुर हॉस्पिटल केजनरेटर में अचानक आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे हुई। आग लगते ही आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग देखते ही देखते तेजी से फैलने लगी और आसपास के क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में लेने लगी। धुएं के गुबार आसमान तक उठने लगे जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी भी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लगभग एक घंटे की कोशिशों के बाद स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
सौभाग्य से इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। फिलहाल पुलिस और फायर डिपार्टमेंट ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल के पास आग लगने से मरीजों और परिजनों में काफी दहशत फैल गई। लेकिन समय रहते प्रशासन और दमकल विभाग ने आग पर नियंत्रण पाकर बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।