भारत ने किया अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण, 5000 किमी तक ले जा सकता है परमाणु हथियार

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली। भारत ने अपनी सबसे घातक बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया। इस मिसाइल की रेंज 5000 किलोमीटर तक है और यह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। परीक्षण ओडिशा के चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण केंद्र से स्ट्रैटेजिक फोर्स कमांड के तत्वावधान में किया गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस परीक्षण में मिसाइल ने सभी परिचालन और तकनीकी मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया।

क्या है अग्नि-5 की खासियत?

अग्नि-5 भारत की सबसे शक्तिशाली मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है।

इसकी मारक क्षमता पाकिस्तान और चीन सहित एशिया के बड़े हिस्से और यूरोप के कुछ क्षेत्रों तक है।

इसमें MIRV (Multiple Independently Targetable Re-entry Vehicle) तकनीक मौजूद है, जिसके तहत एक ही मिसाइल कई परमाणु वारहेड लेकर अलग-अलग टारगेट को निशाना बना सकती है। यह तकनीक बहुत कम देशों के पास है।

अग्नि-5 मिसाइल में मॉडर्न नेविगेशन, गाइडेंस, वारहेड और इंजन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसकी सटीकता और शक्ति और बढ़ जाती है।

इस मिसाइल का निर्माण रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने किया है। अग्नि-5 का पहला परीक्षण अप्रैल 2012 में किया गया था। इससे पहले भारत की अग्नि श्रृंखला की 1 से 4 मिसाइलें 700 किमी से 3,500 किमी तक की रेंज के साथ पहले ही तैनात की जा चुकी हैं। अग्नि-5 को भारत की दीर्घकालिक सुरक्षा रणनीति को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post